मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का मामला, वीडियो फुटेज भी जारी
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज एक बार फिर चर्चा में है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव पर एक संविदा स्टॉफ नर्स ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। नर्स ने एक अन्य डॉक्टर सुरभि पर भी प्रताड़ना में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि मै आत्महत्या कर लूंगी और इसके जिम्मेदार प्राचार्य, मैटर्न आदि होगी।
सोमवार को इस संबंध में पीड़ित स्टॉफ नर्स का एक वीडियो फुटेज सामने आया। वीडियो में नर्स ने कहा, “मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव और डॉ. सुरभि मुझे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मुझे बिना किसी कारण के परेशान किया जाता है और मेरी ड्यूटी में बाधा डाली जाती है। यह सब अब बर्दाश्त के बाहर है।”
इन गंभीर आरोपों के साथ पीड़ित स्टॉफ नर्स ने न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव के खिलाफ स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राज्य महिला आयोग में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। नर्स का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर काम के दौरान अपमानित किया जाता है और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
इस मामले ने मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मचा दिया है। अब देखना यह है कि राज्य महिला आयोग और स्थानीय प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
गौरतलब है कि प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव पर पहले भी भ्रष्टाचार से संपत्ति बनाने और मानक के विपरीत लीड रिसोर्स कंपनी के माध्यम से आउटसोर्सिंग भर्ती कराने जैसी शिकायतें रही हैं, जिनकी जांच चल रही है। ऐसे समय में उन पर लगे ये नए आरोप स्वास्थ्य अधिकारियों और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।



More Stories