
नई दिल्ली।
उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के जीवन से जुड़ी बताई जा रही वेब सीरीज़ ‘यूपी 77’ की रिलीज़ पर रोक लगाने से दिल्ली हाईकोर्ट ने फिलहाल इनकार कर दिया है। हालांकि अदालत ने मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना अंतिम फैसला सुरक्षित रख लिया है।
यह याचिका विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे की ओर से दाखिल की गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि प्रस्तावित वेब सीरीज़ से उनके परिवार की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। वकील ने दलील दी कि सीरीज़ के प्रोमो में इसे “भारत का सबसे चर्चित एनकाउंटर” बताया गया है, जिससे सीधे तौर पर विकास दुबे की घटना की ओर इशारा होता है।
याचिका में यह भी कहा गया कि भले ही वेब सीरीज़ में मुख्य किरदार का नाम विकास दुबे की जगह ‘विशाल दुबे’ रखा गया हो, लेकिन कथानक, घटनाक्रम और प्रस्तुति विकास दुबे के जीवन से मेल खाते हैं। इससे परिवार को सामाजिक बदनामी झेलनी पड़ सकती है।
वहीं, दूसरी ओर सीरीज़ के निर्माताओं की ओर से दलील दी गई कि यह एक काल्पनिक प्रस्तुति है और किसी वास्तविक व्यक्ति को बदनाम करने का उद्देश्य नहीं है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फिलहाल रिलीज़ पर रोक लगाने से इनकार करते हुए मामले में अंतिम निर्णय सुरक्षित रखा है। उल्लेखनीय है कि वेब सीरीज़ ‘यूपी 77’ को 25 दिसंबर को रिलीज़ किया जाना प्रस्तावित है।
More Stories
अवधी गायक संजय यादव पर दर्ज हुआ मुकदमा सियासत या कार्यवाही ?
बीजेपी ब्लॉक प्रमुख पर भड़क गया मुस्लिम प्रधान आखिर क्यों नाम कटवाना चाहते हैं भाजपा नेता
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में बने इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल की शुरुआत 2022 से शुरू हुई थी।