February 27, 2026

अमेठी में पंडित को दक्षिणा देने को लेकर बवाल, झगड़े के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट आई







अमेठी का एक मामला  सामने आया जिसको सुन कर खबर पर विश्वास करना मुश्किल है
आमतौर पर शादी विवाह में छोटी मोटी नोक झोंक की खबरें आती रहतीं हैं लेकिन इस मामला कुछ अलग है जहां अमेठी में पंडित को दक्षिणा देने को लेकर बवाल हो गया,  झगड़े के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट आई

अमेठी: गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के बौहरीपुर गांव से तिलोई के बसरेवा गांव गई बारात एक बड़े विवाद के बाद बिना दुल्हन के ही वापस लौट आई. विदाई के दौरान हुए विवाद ने मामला इतना तूल पकड़ लिया कि दोनों पक्षों में जमकर आरोप–प्रत्यारोप लगे और शादी अंततः टूट गई.


विवाह के दौरान पंडित को दक्षिणा देने को लेकर कहासुनी हुई, जिसे दूल्हे पक्ष मामूली विवाद बता रहा है. दूल्हे के परिजनों का आरोप है कि दक्षिणा को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अनावश्यक रूप से मामला बढ़ाया और बिना दुल्हन के ही बारात को वापस लौटा दिया. इतना ही नहीं, दूल्हा पक्ष के जेवरात और कपड़े भी अपने पास रख लिए, यह कहते हुए कि बारात के खाने-पीने में हुए खर्च की भरपाई इसी से हो जाएगी.

वहीं दुल्हन पक्ष का कहना है कि विवाद की असली वजह दूल्हे के पिता थे, जो कथित तौर पर शराब के नशे में अभद्र भाषा बोलने लगे. आरोप है कि उन्होंने कहा कि अगर लड़की को लेकर जाएंगे, तो उसी दिन उसे घर से अलग कर देंगे. दुल्हन पक्ष का कहना है कि दूल्हे का विवाह में कोई मन नहीं था और वह दबाव में शादी कर रहा था. इन्हीं बातों से नाराज़ होकर गांव के लोगों व परिजनों ने विवाह विच्छेद कर बारात को लौटा दिया.

आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के कुछ परिजनों को बंधक बनाकर शादी न होने देने का निर्णय ले लिया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई. मामले की चर्चा क्षेत्र में व्यापक रूप से फैल गई है.
सच्चाई अब जांच के बाद ही पता चलेगी

Copyright © 2025 THE BATKAHI | Powered by PRAIB ADVISORS |